
दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म, जलाने की भी कोशिश — आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर की जमकर पिटाई, कई चोरी मामलों में था शामिल
उरगा/बरपाली(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली में शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गाँव में लंबे समय से दहशत फैलाए फिर रहे यशवंत मिरी ने दिनदहाड़े 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म कर उसे जान से मारने की कोशिश की। आरोपी की दबंगई से नाराज़ ग्रामीणों ने उसे बरपाली बस स्टैंड में पकड़कर जमकर धुनाई की और बाद में पुलिस को सौंप दिया।
पीड़िता की शिकायत पर उरगा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घायल बुजुर्ग महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
कैसे हुई वारदात
सूत्रों के अनुसार, पुरैना निवासी 65 वर्षीय महिला अपने खेत में गई हुई थी। इसी दौरान बरपाली निवासी यशवंत मिरी वहां पहुंचा और महिला से जबरदस्ती करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की, जिससे उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और खून निकलने लगा।
इसके बाद आरोपी ने बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म किया और फिर उसका बाल पकड़कर घसीटते हुए खेत में रखे पैरा के ढेर में ले जाकर उसे जलाने की कोशिश की। तभी कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसे देखकर आरोपी फरार हो गया।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
घटना की जानकारी मिलते ही बरपाली गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीण आरोपी की तलाश में निकल पड़े और उसे बरपाली बस स्टैंड से पकड़ लिया। देखते ही देखते भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी और फिर उसे उरगा पुलिस के हवाले किया।
कई चोरी मामलों में था शामिल, पर नहीं हुई थी कड़ी कार्रवाई
स्थानीय लोगों के अनुसार, यशवंत मिरी पर इससे पहले भी कई चोरी, मारपीट और दहशत फैलाने के गंभीर आरोप हैं।
कुछ माह पूर्व शिक्षक सुनील कुर्रे के घर हुई चोरी
हाल ही में व्यवसायी त्रिलोक चंद्र अग्रवाल के घर और दुकान में चोरी, सीसीटीवी में आरोपी की तस्वीर
गाँव के लोगों के साथ मारपीट और धमकाने की लगातार शिकायतें
ग्रामीणों का आरोप है कि कई शिकायतों के बावजूद उरगा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की, जिससे उसका हौसला बढ़ता गया।
पुलिस की लापरवाही पर सवाल
गाँव के लोगों का कहना है कि यदि उरगा पुलिस समय रहते आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाती, तो आज इतनी बड़ी घटना को रोका जा सकता था। पुलिस की नरमी का नतीजा एक बुजुर्ग महिला को अपनी इज्जत गंवाकर भुगतना पड़ा।
अब जनता की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि उरगा पुलिस इतनी गंभीर घटना के बाद आरोपी पर क्या कड़ी कार्रवाई करती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने फिर लापरवाही बरती, तो लोग उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




