
सत्यनारायण बाबा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई
➡ एसएसपी के संज्ञान में आते ही त्वरित कार्रवाई, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
➡ फेसबुक पर आपत्तिजनक वीडियो/पोस्ट का मामला
➡ कोतरारोड़ थाना व साइबर थाना की संयुक्त कार्रवाई
➡ आरोपी से आपत्तिजनक सामग्री साझा करने में प्रयुक्त मोबाइल जप्त
रायगढ़ 30 जनवरी 2026(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)
सोशल मीडिया पर सत्यनारायण बाबा को लेकर अत्यंत आपत्तिजनक, अशोभनीय एवं निंदनीय टिप्पणी करने वाले आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर एक सशक्त संदेश दिया है।
इस मामले में आरोपी सरोज रात्रे पिता राम लकेश्वर रात्रे (उम्र 32 वर्ष), निवासी सलिहाभांठा, थाना उरगा, जिला कोरबा को कोरबा पुलिस के सहयोग से कोरबा से गिरफ्तार किया गया, जिसे आज न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को एक लिखित शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें फेसबुक अकाउंट “Soozoo” नामक आईडी से श्री सत्यनारायण बाबा जी के विरुद्ध आपत्तिजनक वीडियो/पोस्ट किए जाने की बात सामने आई थी।
मामला जैसे ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आया, उन्होंने तत्काल थाना कोतरारोड़ को अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
निर्देशों के परिपालन में थाना कोतरारोड़ एवं साइबर थाना द्वारा संयुक्त रूप से अपराध क्रमांक 29/2026, धारा 353 एवं 299 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया।
साइबर एक्सपर्ट टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई, जिसके बाद एक विशेष टीम कोरबा रवाना की गई और कोरबा पुलिस के सहयोग से आरोपी को धर दबोचा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री साझा करने में प्रयुक्त विवो मोबाइल फोन जप्त किया है। थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में प्रकरण की विस्तृत विवेचना जारी है, वहीं अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस संबंध में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि
“जिले में गठित सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल लगातार सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखे हुए है। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली किसी भी प्रकार की सामग्री के विरुद्ध पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। नागरिक सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें।”
यह पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी व अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुई, जिसमें थाना कोतरारोड़ एवं साइबर थाना की टीम की अहम भूमिका रही।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




