
रायपुर में पुलिसकर्मी के घर चोरी, रात गश्त पर गया था आरक्षक; ताला तोड़कर नकदी-जेवर ले गए चोर
रायपुर(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) राजधानी रायपुर में पुलिसकर्मी के घर चोरी का मामला सामने आया है। पंडरी थाना क्षेत्र के दुबे कॉलोनी स्थित ग्रैंडले विहार में महिला थाना में पदस्थ आरक्षक दीपक पटेल के घर को चोरों ने निशाना बनाया। वारदात के समय आरक्षक रात्रि गश्त के लिए थाने गया हुआ था।
जानकारी के मुताबिक, रक्षाबंधन के अवसर पर आरक्षक की पत्नी और बच्चे गांव गए हुए थे। इसी दौरान देर रात अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने घर में रखी अलमारियों के ताले भी तोड़ दिए और उनमें रखी नकदी तथा जेवरात लेकर फरार हो गए।
रात्रि गश्त से वापस लौटने पर आरक्षक दीपक पटेल ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखा। अंदर जाने पर अलमारियों के ताले भी टूटे मिले। इसके बाद चोरी की जानकारी सामने आई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। चोरी की वारदात की जांच के लिए FSL, डॉग स्क्वायड, क्राइम टीम और थाना पुलिस को मौके पर बुलाया गया है।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल चोरी हुए नकदी और जेवरात की कुल कीमत का आकलन किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




