
सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता: नक्सली डंप बरामद, भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त; एक नक्सली सदस्य गिरफ्तार
बीजापुर(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना बासागुड़ा पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम ने ग्राम पेगड़ापल्ली के जंगल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध नक्सली सदस्य को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, नक्सल विरोधी अभियान के दौरान संयुक्त टीम ने ग्राम पेगड़ापल्ली के जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर बोगम लखमू पिता पाण्डू (39 वर्ष), निवासी चिन्नागेलूर, थाना तर्रेम को पकड़ा।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के चिन्नागेलूर DAKMS सदस्य के रूप में कार्य करने तथा नक्सलियों की विस्फोटक सामग्री को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाकर छिपाने की बात स्वीकार की।
आरोपी के कब्जे से ये सामग्री बरामद
पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 50,050 रुपये नगद, एक BGL लॉन्चर, 18 BGL सेल, 12 तीर बम, एक हैंड ग्रेनेड, .303 के 15 जिंदा राउंड, 31 BGL कार्ट्रिज, एक INSAS खाली मैगजीन, बिजली के वायर, तीन राउंड चार्जर और एक ईमीटर लीड बरामद किया है।
बरामद सामग्री को पुलिस ने विधिवत सीलबंद कर पंचनामा तैयार किया। मामले में आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस द्वारा क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रखा गया है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




