
🚨 BREAKING NEWS | सरगबूंदिया स्टेशन पर थमी रायपुर-गेवरा लोकल, हजारों यात्री परेशान
गार्ड बोगी के टायर से ऑयल लीकेज की शिकायत, तकनीकी खराबी के चलते ट्रेन को आगे बढ़ाने में खतरा; सुबह तक तकनीशियन के पहुंचने की बात
कोरबा(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)रायपुर से गेवरा की ओर जा रही लोकल ट्रेन क्रमांक 68746 मंगलवार रात सरगबूंदिया रेलवे स्टेशन पर अचानक रोक दी गई। ट्रेन में उस समय बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। ट्रेन के रुकने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रेन की गार्ड बोगी में लगे टायर से ऑयल लीकेज की समस्या सामने आई है। तकनीकी समस्या के चलते ट्रेन को आगे चलाना सुरक्षित नहीं माना जा रहा है, जिसके कारण लोकल ट्रेन को सरगबूंदिया स्टेशन पर ही रोक दिया गया।
🚆 हसदेव एक्सप्रेस से यात्रियों को कोरबा ले जाने की तैयारी
सरगबूंदिया स्टेशन मास्टर से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर से आने वाली हसदेव एक्सप्रेस ट्रेन क्रमांक 18251 को सरगबूंदिया स्टेशन पर रोका जाएगा। इसके माध्यम से लोकल ट्रेन में फंसे यात्रियों को कोरबा तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
हालांकि, लोकल ट्रेन का संचालन गेवरा स्टेशन तक होता है और बड़ी संख्या में यात्री गेवरा तक जाने के लिए इसी ट्रेन में सफर कर रहे थे। ऐसे में कोरबा पहुंचने के बाद गेवरा जाने वाले यात्रियों के लिए आगे की वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की जा रही है।
🔧 भिलाई से पहुंचेंगे तकनीशियन, सुबह तक इंतजार
ट्रेन में मौजूद गार्ड से बातचीत में बताया गया कि भिलाई से तकनीशियन टीम को बुलाया गया है, जो तकनीकी समस्या की जांच और सुधार के लिए पहुंचेगी। जानकारी के मुताबिक तकनीशियनों के सुबह तक सरगबूंदिया पहुंचने की संभावना है। इसके बाद ही लोकल ट्रेन को आगे रवाना किए जाने की उम्मीद है।
फिलहाल ट्रेन में मौजूद यात्रियों में बेचैनी और परेशानी का माहौल है। खासकर गेवरा जाने वाले यात्रियों को अब आगे की यात्रा को लेकर चिंता बनी हुई है।
यात्रियों की मांग है कि रेलवे जल्द से जल्द तकनीकी समस्या का समाधान करे और गेवरा तक जाने वाले यात्रियों के लिए उचित वैकल्पिक परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित करे।
छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7 | खबर वही, जो आपके काम की

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




