
पचपेड़ी में खेत के पास मिली लाश, 4-5 दिन पुराना होने की आशंका; इलाके में सनसनी
कोरबा।(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)उरगा थाना क्षेत्र के पचपेड़ी गांव में बुधवार सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों को एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव कई दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे कुछ ग्रामीण खेत की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत के पास पड़े एक शव पर पड़ी। शव दिखाई देने की खबर गांव में फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घटना की सूचना तत्काल उरगा पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक स्थिति के आधार पर शव करीब चार से पांच दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मृतक की पहचान और मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
घटनास्थल की बारीकी से जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस द्वारा शव की पहचान कराने के साथ ही आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। मामले में आगे की जांच जारी है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




