
रायपुर में जुआ खेलते 9 आरोपी गिरफ्तार, 1.14 लाख रुपये नकद और ताश की 52 पत्ती जब्त
रायपुर(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) राजधानी रायपुर के कटोरा तालाब स्थित ईलेवन ग्राउंड में पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मौके पर दबिश देकर जुआ खेल रहे 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुए के फड़ से 1 लाख 14 हजार 500 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और जुआ खेलने में इस्तेमाल किए जा रहे चिप्स जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त 2026 की शाम अभियान के दौरान पुलिस स्टाफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कटोरा तालाब स्थित ईलेवन ग्राउंड में कुछ लोग खंभे की रोशनी में ताश के पत्तों से रुपये-पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई।
रास्ते में मिले गवाह मोहन धारवानी, निवासी काली नगर पंडरी और जगदीश आसरवानी, निवासी तेलीबांधा को मुखबिर की सूचना से अवगत कराया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों ने रेड कार्रवाई में सहयोग करने के लिए लिखित सहमति दी। इसके बाद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके की घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस को देखकर कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि 9 लोगों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
– रनवीर सिंह (32), निवासी वल्लभ नगर कॉलोनी, टिकरापारा, रायपुर।
– सागर बालानी (33), निवासी विशाल नगर, तेलीबांधा, रायपुर।
– यरुल श्रीवास्तव (30), निवासी सिविल लाइन, रायपुर।
– वैभव मल्होत्रा (26), निवासी बजाज कॉलोनी, न्यू राजेंद्र नगर, रायपुर।
– किन्तव पारेख (33), निवासी श्रीनगर, दही हांडी मैदान, खमतराई, रायपुर।
– अंकुर श्रीवास्तव (28), निवासी छत्तीसगढ़ क्लब के पास, सिविल लाइन, रायपुर।
– वरुण यदु (32), निवासी महिला पॉलिटेक्निक के सामने, बैरन बाजार, रायपुर।
– सागर शर्मा (28), निवासी ईस्ट-12, कचना, खम्हारडीह, रायपुर।
– नमन अग्रवाल (28), निवासी शंकर नगर टर्निंग प्वाइंट चौक, खम्हारडीह, रायपुर।
1.14 लाख रुपये समेत ताश और चिप्स जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से और मौके पर बनाए गए जुए के फड़ से कुल 1,14,500 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और ताश खेलने में इस्तेमाल किए जा रहे चिप्स गवाहों की मौजूदगी में जब्त किए।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों का कृत्य छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत पाए जाने पर सभी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। सक्षम जमानतदार पेश किए जाने के बाद आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।
पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




