
बिलासा एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान Alliance Air फ्लाइट का टायर फटा, 60 यात्री बाल-बाल बचे
बिलासपुर।(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा एयरपोर्ट पर शुक्रवार को दिल्ली से पहुंची Alliance Air की फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान बड़ा हादसा टल गया। लैंडिंग के वक्त विमान का दाईं ओर का एक पहिया अचानक फट गया। बताया जा रहा है कि टायर फटने के बाद पहिए में आग भी लग गई, जिससे विमान में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, Alliance Air की फ्लाइट ने शुक्रवार सुबह करीब 10:55 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी। करीब 2 घंटे 35 मिनट के सफर के बाद विमान बिलासा एयरपोर्ट पर लैंड करने पहुंचा। इसी दौरान रनवे पर उतरते समय विमान का दाईं ओर का टायर फट गया।
टायर फटने के बाद विमान कुछ दूरी तक घिसटता हुआ आगे बढ़ा। हालांकि, पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को नियंत्रित कर लिया और एक बड़ा हादसा टल गया। विमान में कुल 60 यात्री सवार थे, जो घटना के बाद सुरक्षित बताए जा रहे हैं। फिलहाल किसी यात्री के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई है।
घटना के बाद एयरपोर्ट पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई और स्थिति को नियंत्रित किया गया। यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया।
प्रयागराज की उड़ान रद्द
घटना के बाद विमान की तकनीकी स्थिति की जांच की जा रही है। विमान के टायर फटने की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। तकनीकी जांच के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चल सकेगा।
वहीं, विमान में आई तकनीकी खराबी के चलते प्रयागराज के लिए निर्धारित अगली उड़ान को रद्द कर दिया गया है।
घटना ने एक बार फिर विमान की लैंडिंग के दौरान तकनीकी सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




