
हसदेव नदी के तेज बहाव में फंसी गाय, गौ रक्षकों ने जान जोखिम में डालकर किया सुरक्षित रेस्क्यू
कोरबा(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)उरगा से बिलासपुर मार्ग पर कुदुरमाल स्थित हसदेव नदी के पुल के नीचे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक गाय नदी के तेज बहाव के बीच फंस गई। पानी का बहाव तेज होने के कारण गाय के बह जाने का खतरा बना हुआ था। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना गौ रक्षक वेदान्त साहू को दी।
सूचना मिलते ही कोरबा क्षेत्र के गौ रक्षक वेदान्त साहू अपने साथियों के साथ कुदुरमाल हसदेव नदी पुल के पास पहुंचे। नदी में पानी का बहाव काफी तेज था, बावजूद इसके गौ रक्षकों ने बिना अपनी जान की परवाह किए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
वेदान्त साहू के दो साथियों ने हसदेव नदी के तेज बहाव में उतरकर जोखिम उठाया और काफी मशक्कत के बाद नदी के बीच फंसी गाय तक पहुंचे। इसके बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने भी राहत की सांस ली।
गौ सेवा के लिए हमेशा तैयार रहती है टीम
गौ रक्षा और गौ सेवा के लिए सक्रिय वेदान्त साहू कोरबा जिले के छोटे से गांव सरगबुंदिया के रहने वाले हैं। वे अपने साथियों के साथ क्षेत्र में बेसहारा और संकट में फंसे मवेशियों की मदद के लिए लगातार सक्रिय रहते हैं।
हसदेव नदी से गाय के रेस्क्यू में वेदान्त साहू, करुणा बेनर्जी, कान्हा साहू, साहिल साहू, राहुल यादव, रितिक साहू, तानु, राकेश वैष्णव, कारण यादव, निशांत उरांव, गुलशन यादव, विजय यादव, अशोक कंवर, यशवंत चौहान, अरुण चौहान, बलराम साहू, अमित साहू और गौरव साहू सहित गौ सेवा से जुड़े सदस्यों की भूमिका रही।
तेज बहाव के बीच अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना नदी में उतरकर गाय को सुरक्षित बाहर निकालने वाले गौ रक्षकों के इस प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना की। यह रेस्क्यू अभियान एक बार फिर दिखाता है कि गौ सेवा सिर्फ भावनाओं तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर जोखिम उठाकर जीवन बचाने का संकल्प भी है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




