
पकरिया में देर रात चोरी, घर का सामान अस्त-व्यस्त; करीब 20 हजार का माल पार
उरगा थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता, पुलिस गश्त पर उठ रहे सवाल
पकरिया/उरगा(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पकरिया में 19 अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 20 हजार रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस की गश्त और निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार पकरिया निवासी तारा बाई पटेल (54 वर्ष) खेती-किसानी का कार्य करती हैं। उनका छोटा बेटा काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था, जिसके चलते 19 अगस्त की शाम वह घर में अकेली थीं। रात में वह अपने दामाद के घर सोने के लिए चली गई थीं।
20 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे जब तारा बाई अपने घर वापस पहुंचीं, तो घर के अंदर का सामान अस्त-व्यस्त देखकर उनके होश उड़ गए। जांच करने पर घर से कई सामान गायब मिले। चोरी गए सामान में तीन नग चांदी के सिक्के, एलईडी टीवी, सेटअप बॉक्स, पीतल का सामान, कांसा/कास की थाली सहित अन्य घरेलू सामान शामिल हैं। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीणों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि गांवों में नियमित पुलिस गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाए तो चोरी की घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।
फिलहाल चोरी की इस घटना ने एक बार फिर उरगा थाना क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं और पुलिस गश्त की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द से जल्द चोरों का पता लगाने और चोरी का सामान बरामद करने की मांग की है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7



