
अकलतरा में कपड़ा दुकान में लगी भीषण आग, पुलिस की तत्परता से 14 लोगों की बची जान
अकलतरा(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)अकलतरा थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी देर रात सिसोदिया कॉम्प्लेक्स स्थित एक कपड़ा दुकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। दुकान के ऊपर बने मकानों में पांच परिवार रह रहे थे, जिससे आग के साथ बड़ी जनहानि का खतरा भी बना हुआ था। हालांकि अकलतरा पुलिस की तत्परता और समय रहते की गई कार्रवाई से पांच परिवारों के कुल 14 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब 2:30 बजे की है। रात्रि गश्त के दौरान अकलतरा पुलिस की नजर सिसोदिया कॉम्प्लेक्स स्थित कपड़ा दुकान से उठते धुएं और आग पर पड़ी। पुलिस ने तत्काल स्थिति की गंभीरता को समझते हुए आसपास के लोगों को सतर्क किया और दुकान के ऊपर बने मकानों में रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते पांच परिवारों के 14 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद आग पर काबू पाने के लिए होमगार्ड जांजगीर और जेएसडब्ल्यू प्लांट की फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग को नियंत्रित किए जाने से इसे आसपास की अन्य दुकानों और प्रतिष्ठानों तक फैलने से भी रोक लिया गया।
अकलतरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल 14 लोगों की जान बची, बल्कि आसपास के क्षेत्र में बड़ी आगजनी और संभावित जनहानि की आशंका भी टल गई। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7 के लिए — स्थानीय घटनाओं की हर महत्वपूर्ण खबर पर हमारी नजर।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7


