
रायपुर में यात्री बस ने स्कूटी सवार और 3 साल के बच्चे को मारी टक्कर, CCTV में कैद हुआ हादसा
रायपुर(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक यात्री बस ने स्कूटी सवार व्यक्ति और उसके साथ मौजूद 3 साल के मासूम बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।
सर्विस रोड पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र के पचपेड़ी नाका से संतोषी नगर जाने वाली सर्विस रोड की है। बताया जा रहा है कि यात्री बस सर्विस रोड से रिंग रोड की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस की चपेट में स्कूटी सवार गौतम पठानी और 3 साल का बच्चा आ गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी बस के नीचे फंस गई और कुछ दूरी तक घसीटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
CCTV में कैद हुआ पूरा हादसा
घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि बस की टक्कर के बाद स्कूटी बस के नीचे फंस जाती है और सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली जाती है।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। घायल गौतम पठानी को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्चे को भी चोटें आई हैं और उसका इलाज कराया जा रहा है।
फिलहाल हादसे के कारणों और बस चालक की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7



