
7 साल की मासूम की बलि: अंधविश्वास बना हैवानियत की वजह, भाई-भाभी सहित 5 गिरफ्तार
मुंगेली, (छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)– 27 जुलाई 2025
छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से आई एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया है। कोसाबाड़ी गांव में ‘मनचाहा धन’ प्राप्त करने की चाह में 7 वर्षीय मासूम लाली उर्फ महेश्वरी गोस्वामी की तांत्रिक अनुष्ठान के दौरान निर्मम हत्या कर दी गई। इस अमानवीय कृत्य में मासूम के ही रिश्तेदार शामिल थे। पुलिस ने मामले में रिश्ते के भाई-भाभी समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना 11 अप्रैल 2025 की रात की है, जब बच्ची अचानक घर से लापता हो गई। एक महीने बाद श्मशान के पास एक खेत में बरामद हुई मानव खोपड़ी और अस्थियों की डीएनए जांच में पुष्टि हुई कि ये अवशेष उसी बच्ची के हैं। पोस्टमार्टम में पता चला कि बच्ची की मौत अत्यंत क्रूरता से की गई थी।
नार्को टेस्ट से खुला राज
पुलिस की विशेष टीम ने नार्को टेस्ट, ब्रेन मैपिंग और पॉलिग्राफ जैसी वैज्ञानिक तकनीकों की मदद से जांच को अंजाम दिया। पूछताछ में सामने आया कि बच्ची की बलि गांव के एक तांत्रिक अनुष्ठान ‘झरन पूजा’ के तहत दी गई थी। इस काले खेल का मास्टरमाइंड बच्ची की भाभी ऋतु गोस्वामी थी।
गिरफ्तार आरोपी:
1. चिम्मन गिरी गोस्वामी – भाई
2. ऋतु गोस्वामी – भाभी
3. नरेंद्र मार्को – अपहरणकर्ता
4. आकाश मरावी – अनुष्ठान में सहयोगी
5. रामरतन निषाद – बैगा (झाड़फूंक करने वाला)
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार और पूजा सामग्री भी जब्त कर ली है। सभी आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
गांव में आक्रोश, प्रशासन सख्त
इस घटना ने पूरे लोरमी क्षेत्र को झकझोर दिया है। ग्रामीणों में गुस्से और सदमे का माहौल है। शासन-प्रशासन ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस और राजस्व अधिकारियों की टीम बनाकर जांच को अंजाम तक पहुंचाया।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




