
बालको नगर में एकतरफा प्रेमी की फायरिंग, चंद घंटे में पिस्टल सहित गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7 कोरबा समाचार
आरोपी ने युवती का 6 महीने से किया था पीछा
मामला जिला कोरबा के बालको नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार आरोपी साहिल मसीह (20 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर बालको, पिछले करीब छह माह से प्रार्थी की बेटी से एकतरफा प्रेम करता था और लगातार उसका पीछा कर छेड़खानी करता था।
घर के बाहर गाली-गलौच कर की फायरिंग
प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 18 फरवरी 2026 की रात करीब 11 बजे आरोपी मोटरसाइकिल से उसके घर के पास आया और गाली-गलौच करते हुए हल्ला-गुल्ला करने लगा। दरवाजा खोलकर बाहर निकलते ही आरोपी ने हत्या की नीयत से पिस्टल से फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनकर प्रार्थी नीचे बैठ गया, जिससे वह बच गया। इसके बाद आरोपी ने दोबारा फायर करने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चली।
चंद घंटे में दबोचा गया आरोपी

रिपोर्ट के आधार पर थाना बालको नगर में अपराध क्रमांक 94/2026 (धारा 296, 75(1), 78(1), 109(1) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट) दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पिस्टल के स्रोत की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। आरोपी को पिस्टल कहां से प्राप्त हुई, इस संबंध में जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




