
बोर्ड परीक्षा व होली को लेकर सख्त निर्देश: कोरबा पुलिस ने डीजे संचालकों व होली सामग्री विक्रेताओं की अलग-अलग बैठक ली
कोरबा(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)
“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बोर्ड परीक्षा एवं आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए कोरबा में पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में डीजे संचालकों और होली सामग्री विक्रेताओं की अलग-अलग बैठक आयोजित की गई।
बैठकों में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बोर्ड परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार का व्यवधान नहीं होना चाहिए तथा होली पर्व शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जाए। इसके लिए सभी संबंधित व्यक्तियों को शासन के नियमों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य होगा।
डीजे संचालकों को दिए गए प्रमुख निर्देश

शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा का अनिवार्य पालन करें।
रात्रि 10 बजे के बाद डीजे/ध्वनि विस्तारक यंत्र पूर्णतः बंद रखें (विशेष अनुमति के अभाव में)।
ध्वनि स्तर निर्धारित डेसिबल मानक से अधिक न हो।
परीक्षा केंद्र, शैक्षणिक संस्थान एवं अस्पतालों के आसपास विशेष सावधानी बरतें।
होली के दौरान डीजे संचालन में कानून-व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें।
होली सामग्री विक्रेताओं हेतु निर्देश
किसी भी प्रकार के मुखौटे (मास्क) की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।
आपत्तिजनक, अश्लील या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री न बेचें।
हानिकारक रासायनिक रंग या स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह पदार्थों की बिक्री न करें।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि प्रतिबंधित सामग्री बेचते पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, समय सीमा या ध्वनि मानकों का उल्लंघन करने पर डीजे उपकरण जब्ती, लाइसेंस निरस्तीकरण एवं प्रकरण दर्ज करने जैसी कठोर कार्रवाई भी की जाएगी।
बैठक में उपस्थित संचालकों व व्यापारियों ने नियमों का पालन करने और पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कोरबा पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों, आयोजकों और व्यापारियों से अपील की है कि बोर्ड परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों के हितों को सर्वोपरि रखें और होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं।
अभियान के तहत जिले में सतत निगरानी रखी जाएगी और नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




