
रायपुर(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) छत्तीसगढ़ में अब गर्मी ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है
, जबकि न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की उम्मीद नहीं है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 35.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 11.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई, जिससे गर्मी का असर बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है। हवा की औसत गति करीब 2 किमी प्रतिघंटा रही, जबकि आर्द्रता सुबह 50 प्रतिशत और शाम को 25 प्रतिशत दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार मध्य क्षोभमंडल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है, लेकिन प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क ही रहने की संभावना है। अगले 6 दिनों में अधिकतम तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
राजधानी में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
कुल मिलाकर, पूरे छत्तीसगढ़ में मार्च की शुरुआत के साथ गर्मी का असर तेज होने वाला है, ऐसे में लोगों को दोपहर के समय धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




