
रूसी सेना में शामिल होने से भारतीयों को चेतावनी, विदेश मंत्रालय ने जारी की सख्त एडवाइजरी
सरकार ने कहा– यह खतरे से भरा रास्ता है, रूस से भारतीय नागरिकों की वापसी की मांग
नई दिल्ली(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)भारत सरकार ने भारतीय नागरिकों को चेतावनी दी है कि वे किसी भी हालत में रूसी सेना में भर्ती होने के झांसे में न आएं। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि ऐसे ऑफर न केवल धोखाधड़ी हैं, बल्कि गंभीर खतरे से भरे हुए हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि हाल के दिनों में भारतीय नागरिकों की रूसी सेना में भर्ती की खबरें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पिछले एक साल में कई बार चेतावनी दे चुकी है कि ऐसे प्रस्तावों से दूर रहना चाहिए, क्योंकि इसमें जान का जोखिम है।
जायसवाल ने कहा, “हमने दिल्ली और मॉस्को दोनों जगह रूसी अधिकारियों के साथ यह मुद्दा उठाया है। भारत ने रूस से अनुरोध किया है कि इस तरह की भर्ती प्रक्रिया को तुरंत रोका जाए और जो भारतीय नागरिक पहले ही शामिल हो चुके हैं, उन्हें सुरक्षित वापस भेजा जाए।”
विदेश मंत्रालय ने यह भी बताया कि प्रभावित भारतीय नागरिकों के परिवारों के साथ लगातार संपर्क में है। सरकार ने दोहराया कि रूसी सेना में शामिल होने वाले भारतीय नागरिकों को यूक्रेन युद्ध में इस्तेमाल किया जा रहा है, और भर्ती के बाद उन्हें वापस लौटने की अनुमति भी नहीं दी जाती।
उल्लेखनीय है कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को तीन वर्ष से अधिक समय हो चुका है। इस दौरान समय-समय पर भारतीय नागरिकों के भर्ती होकर फंसने की खबरें आती रही हैं।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




