कोरबा: कोसाबाड़ी हनुमान मंदिर में चोरी की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस, एक अपचारी बालक पकड़ा गया; चांदी की दो चेन बरामद
कोरबा(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)जिले के कोसाबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर में चोरी की दो घटनाओं के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के
आधार पर जांच करते हुए पहली चोरी की घटना में संलिप्त एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। पूछताछ में बालक ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया है। वहीं, चोरी की संपत्ति खरीदने के संदेह में एक युवक के कब्जे से चांदी की दो चेन भी बरामद की गई हैं।
सीसीटीवी फुटेज से मिले अहम सुराग
पुलिस के अनुसार, कोसाबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर में चोरी की दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए थाना सिविल लाइन रामपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने का प्रयास किया गया। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार सक्रिय थीं।
पूछताछ में बालक ने कबूली चोरी
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मंदिर में हुई पहली चोरी की घटना में एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में बालक ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और चोरी गई संपत्ति के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
युवक के कब्जे से चांदी की दो चेन बरामद चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त के संबंध में मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सुरेश निषाद (25 वर्ष), पिता स्वर्गीय गोविंद राम निषाद, निवासी भुलसीडीह के कब्जे से चोरी की चांदी की दो चेन बरामद की हैं। पुलिस द्वारा उक्त व्यक्ति के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
कोरबा पुलिस अब मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने, शेष चोरी गई संपत्ति बरामद करने और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल मामले की विवेचना और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7
सच के साथ न्यूज़ हर दिन।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
