रायपुर में सूने मकान को बनाया निशाना, 7.50 लाख के जेवर और नकदी चोरी; चार आरोपी गिरफ्तार, 3.79 लाख का माल बरामद
रायपुर(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) राजधानी रायपुर में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ खमतराई थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दशहरा मनाने गृहग्राम गए परिवा
र के बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख 79 हजार रुपये का चोरी गया मशरूका बरामद किया गया है। इसमें लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 29 हजार रुपये नगद शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, चोरी की इस वारदात में आरोपियों ने पहले मकान की रेकी की और परिवार के बाहर जाने का फायदा उठाकर रात के समय ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया था।
दशहरा मनाने गांव गया था परिवार, पीछे से हो गई चोरी
मामला खमतराई थाना क्षेत्र के शुक्रवारी बाजार, बंजारी नगर, रावांभाठा का है। यहां रहने वाले सीताराम गुप्ता (45 वर्ष) ने 2 नवंबर 2026 को खमतराई थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
प्रार्थी के अनुसार, 19 अक्टूबर को वह अपने परिवार के साथ दशहरा त्योहार मनाने अपने गृहग्राम खटखरी, थाना शाहपुर, जिला मऊगंज (मध्यप्रदेश) गए थे। घर में ताला लगा हुआ था। 2 नवंबर को जब परिवार वापस लौटा तो मकान के मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो आलमारी का ताला भी टूटा हुआ था और लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात व नगदी गायब थे।
प्रार्थी ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1163/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर और पूछताछ से पुलिस को मिले सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए खमतराई थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रार्थी सहित गवाहों के बयान दर्ज किए। आरोपियों की तलाश के लिए सिविल पेट्रोलिंग स्टाफ और मुखबिरों को सक्रिय किया गया।
लगातार जांच और संदिग्धों से पूछताछ के बाद पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया। इनमें सागर मलिक, मनीषा साहू, राहुल उर्फ ओमप्रकाश निर्मलकर और चेतन निषाद शामिल हैं।
रॉड से तोड़ा था मकान का ताला, आपस में बांट लिए थे जेवर
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि रात के समय रॉड की मदद से मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे। इसके बाद आलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ली थी। चोरी की संपत्ति को बाद में आपस में बांट लिया गया था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 3.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 29 हजार रुपये नगद बरामद किए। इस तरह कुल 3.79 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
6 नवंबर को चारों आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
पुलिस ने मामले में संलिप्तता पाए जाने पर चारों आरोपियों को 6 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
सागर मलिक (31 वर्ष), पिता रमेश कुमार मलिक, निवासी बंजारी नगर, बाजार चौक, रावांभाठा, खमतराई, रायपुर।
मनीषा साहू (27 वर्ष), पिता गिरवर साहू, निवासी बंजारी नगर, शुक्रवारी बाजार चौक, रावांभाठा, खमतराई, रायपुर।
राहुल उर्फ ओमप्रकाश निर्मलकर (25 वर्ष), पिता कुंभकरण निर्मलकर, निवासी बंजारी नगर, शुक्रवारी बाजार चौक, रावांभाठा, खमतराई, रायपुर।
चेतन निषाद (27 वर्ष), पिता धनेश कुमार निषाद, निवासी पठान संकरी, पलारी, जिला बलौदाबाजार, हाल निवासी बंजारी नगर, रावांभाठा, रायपुर।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन, एडीसीपी नॉर्थ आदित्य पाण्डेय के मार्गदर्शन तथा एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में खमतराई थाना पुलिस द्वारा की गई।
छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7
सच के साथ न्यूज़ हर दिन।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
