दीपावली से पहले कोरबा पुलिस का बड़ा एक्शन! सराफा कारोबारियों को दिए सुरक्षा के सख्त निर्देश, CCTV से लेकर पैनिक अलार्म तक पर जोर
(छत्तीसगढ़ टाइम्स24*7 )**कोरबा। दीपावली पर्व से पहले सराफा एवं ज्वेलरी कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। शहर में लूट और उठाईगिरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक, जिला कोरबा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी एवं थाना प्रभारी कोतवाली प्रेमचंद साहू ने सराफा एवं ज्वेलरी दुकान संचालकों की बैठक ली। इस दौरान व्यापारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की समझाइश दी गई।
### 🔴 *CCTV कैमरे और पैनिक अलार्म लगाना अनिवार्य*
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने सभी सराफा एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उन्हें हमेशा चालू रखने के निर्देश दिए। कम से कम दो कैमरे लगाने को कहा गया, जिनमें एक दुकान के बाहर पार्किंग क्षेत्र और दूसरा मुख्य सड़क की ओर निगरानी रखेगा।
इसके अलावा दुकानों में पैनिक अलार्म और आपातकालीन घंटी की व्यवस्था करने, सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी को सुरक्षित तिजोरी में रखने तथा दुकान खोलने-बंद करने के समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।
### 🔴 *सोना-चांदी और नकदी लेकर निकलते समय रहें सतर्क*
पुलिस ने व्यापारियों को निर्देशित किया कि आभूषणों और नकदी की पैकिंग दुकान का शटर बंद करके करें। परिवहन से पहले दुकान के आसपास अच्छी तरह जांच कर लें। कीमती सामान एवं नकदी का परिवहन अकेले या दोपहिया वाहन से करने से बचें।
साथ ही हमेशा एक ही रास्ते, समय और साधन का उपयोग नहीं करने की सलाह दी गई, ताकि अपराधियों को किसी प्रकार की पूर्व जानकारी न मिल सके।
### 🔴 *कर्मचारियों का भी होगा सत्यापन*
पुलिस ने दुकानों में काम करने वाले कर्मचारियों के पहचान पत्र, मोबाइल नंबर एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराने तथा आवश्यकता अनुसार पुलिस वेरिफिकेशन करवाने के निर्देश दिए। वहीं, गमछा या मास्क से चेहरा छिपाकर आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया।
### 🔴 *संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो डायल 112 पर करें कॉल*
कोरबा पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि दुकान या प्रतिष्ठान के आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय थाना, पुलिस कंट्रोल रूम या डायल 112 पर सूचना दें।
### 📢 *पुलिस की अपील – सुरक्षा में लापरवाही न बरतें
<span;><span;>*
दीपावली के दौरान बाजारों में बढ़ती भीड़ और व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए कोरबा पुलिस ने सभी सराफा एवं ज्वेलरी कारोबारियों से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि अपराधों की रोकथाम और सुरक्षित कारोबारी वातावरण बनाए रखने के लिए व्यापारियों की सतर्कता एवं पुलिस का सहयोग बेहद जरूरी है।
**कोरबा पुलिस की अपील – सजग कोरबा, सतर्क कोरबा।**

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
