
माँ मड़वारानी के दरबार में गूंजा आस्था का स्वर, सप्तमी की रात मंद्रमयी भक्ति से हुआ माता का पूजन
कोरबा बरपाली (छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)चैत्र नवरात्रि की सप्तमी की पावन रात्रि पर मड़वारानी पहाड़ की पवित्र चोटी पर विराजमान माँ मड़वारानी माता की पारंपरिक पूजा अर्चना अत्यंत श्रद्धा एवं भक्ति भाव से संपन्न हुई। सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार, इस रात्रि विशेष कर मंदिर में पूजा अर्चना करने वाले बैगा पुजारियों द्वारा मांदर की गूंज के बीच भव्य पूजा अर्चना की गई। पूजा के उपरांत माता की आरती कर उन्हें प्रसन्न किया गया।
हर वर्ष चैत्र नवरात्रि और शरद नवरात्रि के अवसर पर इस आध्यात्मिक पर्व का आयोजन किया जाता है, जहाँ दूर-दूर से श्रद्धालु जन माँ के दरबार में दर्शन हेतु उपस्थित होते हैं। जसगीत गायन करने वाली लोककलाकारों की टोलियाँ भी उपस्थित होकर अपनी मधुर वाणी में देवी माता की महिमा का गुणगान करती हैं। सप्तमी की रात मड़वारानी पहाड़ भक्ति, श्रद्धा और उत्साह से सराबोर हो जाता है।
इस चैत्र नवरात्रि, हजारों श्रद्धालुओं ने मड़वारानी माता के मंदिर में माथा टेक कर माँ से आशीर्वाद प्राप्त किया और क्षेत्र के सुख-समृद्धि की कामना की। माँ मड़वारानी की कृपा सदैव क्षेत्रवासियों पर बनी रहे।
“जो शरण आये मड़वारानी के द्वार, उसका हो जीवन सदा गुलज़ार।”

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




