
शराब के नशे में गले में सांप लपेटकर घूमता रहा ग्रामीण, अस्पताल से हुआ लापता
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: गौरेला थाना क्षेत्र के भदौरा गांव से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शराब के नशे में एक ग्रामीण ने जहरीले सांप को पकड़कर अपने गले में लपेट लिया और काफी देर तक गांव की गलियों में घूमता रहा। इस दौरान सांप ने उसे कई बार डस लिया। हालत बिगड़ने पर ग्रामीणों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान वह मौका पाकर अस्पताल से गायब हो गया। घटना के बाद से परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, भदौरा गांव निवासी संतराम भैना शराब के नशे में था। इसी दौरान पड़ोसी के घर में एक खतरनाक जहरीला सांप घुस गया। संतराम सांप को पकड़ने पहुंच गया और उसे काबू में करने के बाद गले में लपेट लिया। इसके बाद वह सांप को गले में डालकर गांव में घूमता रहा।
इसी दौरान सांप ने संतराम को कई बार डस लिया। कुछ समय बाद उसके शरीर पर जहर का असर दिखाई देने लगा और उसकी हालत बिगड़ने लगी।
इलाज के दौरान अस्पताल से हुआ गायब
ग्रामीणों ने तत्काल संतराम को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान वह मौका पाकर अस्पताल से निकल गया और उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
परिजन उसकी जान को लेकर चिंतित हैं और ग्रामीणों के साथ मिलकर उसकी तलाश कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें संतराम गले में सांप लपेटे हुए दिखाई दे रहा है। घटना ने ग्रामीणों को भी हैरान कर दिया है।
विशेषज्ञों के अनुसार, जहरीले सांप के काटने की स्थिति में बिना देरी किए अस्पताल पहुंचना बेहद जरूरी है। झाड़-फूंक या किसी तरह की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7





