
कोरबा: कलेक्टर की फटकार के बाद भिलाई खुर्द में अलसुबह छापा, दो ट्रैक्टर जब्त, रेत माफिया में मचा हड़कंप
कोरबा(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) जिले में अवैध रेत खनन पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्टर द्वारा टास्क फोर्स को फटकार लगाने के 24 घंटे के भीतर तहसीलदार की टीम ने अलसुबह सीतामणी के भिलाई खुर्द रेत घाट पर छापेमारी कर दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं, जिससे रेत माफिया में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार तड़के सुबह 5 बजे कोरबा तहसीलदार की टीम ने अचानक दबिश दी और अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टरों को मौके से जब्त कर लिया। इस कार्रवाई के बाद रेत माफिया में अफरा-तफरी मच गई है। माना जा रहा है कि प्रशासन की इस मुस्तैदी को देखते हुए तस्कर अब नई रणनीति अपनाकर चोरी-छिपे तस्करी के तरीके बदल सकते हैं।
“दिखावटी कार्रवाई” का आरोप भी कायम
स्थानीय लोगों और कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं का आरोप है कि ऐसी कार्रवाइयां अक्सर दिखावे तक ही सीमित रह जाती हैं। उनका कहना है कि रेत माफिया पहले से ही प्रशासन में अपनी सेटिंग कर लेते हैं और कुछ दिनों की चुप्पी के बाद पुनः अवैध खनन शुरू कर देते हैं। इसलिए जब तक नियमित, सघन और पारदर्शी निगरानी नहीं होगी, तब तक इस गोरखधंधे पर लगाम लगाना मुश्किल है।
प्रशासन पर अब बढ़ा दबाव
अब जब जिला प्रशासन ने सख्ती का संकेत दे दिया है, लोगों की नजरें आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि यह मुहिम लगातार और निष्पक्ष रूप से चलती रही, तो निश्चित रूप से रेत माफिया पर अंकुश लग सकेगा। वहीं प्रशासन की इस कार्रवाई ने यह संदेश जरूर दिया है कि अब अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने साफ संकेत दे दिया है या तो नियम मानो या कार्रवाई के लिए तैयार रहो।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




