
खून से लिखकर मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री को भेजा पत्र, कोरबा में NHM कर्मियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी
कोरबा(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)

अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल का आज तीसरा दिन रहा। कोरबा जिले में आंदोलनरत स्वास्थ्य कर्मियों ने इस दौरान सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए एक अनूठा और प्रतीकात्मक कदम उठाया। कर्मचारियों ने अपनी मांगों को खून से लिखकर मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के नाम पत्र भेजा है।
एनएचएम कर्मियों का कहना है कि वे पिछले तीन दिनों से जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उनकी प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, वेतन विसंगतियों का समाधान, संविदा कर्मियों को स्थायी कर्मचारियों जैसी सुविधाएं और अन्य लंबित मुद्दों का निराकरण शामिल है।
हड़ताल के तीसरे दिन कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से खून की कुछ बूंदों से पत्र लिखकर सरकार को भेजा, जिसमें अपनी पीड़ा और मांगों का विस्तार से उल्लेख किया गया है। यह कदम कर्मचारियों की गंभीरता और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।
इस आंदोलन का असर अब जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी साफ दिखने लगा है। ग्रामीण उप-स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर शहरी स्वास्थ्य केंद्रों तक मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नियमित स्टाफ की कमी से कई आवश्यक सेवाएं ठप हो गई हैं।
कर्मचारी संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई है कि खून से लिखे गए इस पत्र के बाद सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से लेगी और समाधान निकालेगी।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




