
बिलासपुर में जुए पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फार्म हाउस से 9 आरोपी गिरफ्तार – नगद, कारें और मोबाइल जब्त
बिलासपुर(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) जिले के कोटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फार्म हाउस में छापेमारी की। ग्राम लमेर स्थित फार्म हाउस में चल रहे जुआ के अड्डे पर दबिश देकर पुलिस ने 9 आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। मौके से ₹69,300 नगद, 3 कारें और 10 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम लमेर में एक फार्म हाउस में रुपयों का दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही कोटा थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर फार्म हाउस में छापा मारा। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन सतर्कता से घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में गिरीश कश्यप, उधो कश्यप, मनोज कश्यप, मिश्रीलाल कश्यप, कमलेश कश्यप, चन्द्रकांत शर्मा, संतोष कश्यप, राम पटेल और विजय सिंह ठाकुर शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 3(2) जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




