
कोरबा में चोरी का खुलासा: 2 आरोपी गिरफ्तार, ₹60 हजार नगद और सोने का मंगलसूत्र बरामद
छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7 कोरबा
कोरबा। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹60,000 नगद और सोने का मंगलसूत्र बरामद किया है। मामले में शामिल एक फरार सुनार की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिलेभर में अपराधों पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने इस चोरी के प्रकरण में सफलता हासिल की।
ऐसे हुई चोरी
प्रार्थिया सुनीता डोंगरे, निवासी एमपी नगर कोरबा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने 14 मार्च 2026 को अपने सोने के जेवरात अलमारी में रखे थे। 28 मार्च 2026 को देखने पर जेवरात गायब मिले। चोरी गए सामान में नेकलेस, मंगलसूत्र, कान के झुमके, अंगूठी समेत अन्य गहने शामिल थे, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹1.50 लाख बताई गई।
संदेह के आधार पर आरोपी पकड़ाए
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर ऋषिकेश डोंगरे उर्फ ऋषि (19 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी किए गए जेवरात को अपने साथी रामहरी गिड्डे (44 वर्ष) के माध्यम से एक सुनार के पास बेच दिया गया, जहां गहनों को गलाकर नगद राशि प्राप्त की गई।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹60 हजार नगद और लगभग 8.2 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र बरामद किया है। बाकी रकम आरोपियों द्वारा खर्च करना बताया गया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए), 317(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर 16 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घरों में कीमती सामान सुरक्षित रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस को दें।
कोरबा पुलिस – सजग कोरबा, सतर्क कोरबा

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




