
मानिकपुर हत्या कांड का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
कोरबा(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर क्षेत्र में हुए चर्चित हत्या प्रकरण का खुलासा करते हुए कोरबा पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की विशेष टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार, साकेत कॉलोनी जमनीपाली निवासी शुभम सिंह बघेल की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि 6-7 जून 2026 की दरमियानी रात उसके परिचित चन्द्रमणि रात्रे उर्फ दादू को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बोलेरो वाहन से गंभीर चोट पहुंचाई गई थी, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए अलग-अलग विशेष टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी राजेन्द्र साहू उर्फ कुनाल साहू (22 वर्ष) निवासी कड़ारी, जिला सक्ती एवं हाल मुकाम विकास नगर कुसमुंडा को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी योगेन्द्र बघेल उर्फ योगी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक CG-12 BD-5025 को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी थाना बाकीमोंगरा क्षेत्र के बालगी में हुई डकैती की घटना में भी शामिल था। इस प्रकरण में पहले ही दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है तथा घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किए जा चुके हैं। आरोपी की गिरफ्तारी से डकैती मामले में भी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों और साक्ष्यों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




