
| छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7
छत्तीसगढ़ी रैप जगत को बड़ा झटका, मशहूर रैपर एप्पी राजा का निधन
छत्तीसगढ़ी संगीत जगत के लिए सोमवार का दिन बेहद दुखद रहा। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध रैपर और गायक चेतन चांडक उर्फ एप्पी राजा का रायपुर स्थित AIIMS में निधन हो गया। वे लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और उनका उपचार एम्स रायपुर में चल रहा था। उनके निधन की खबर से पूरे प्रदेश के संगीत प्रेमियों और प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई।
एप्पी राजा को छत्तीसगढ़ी भाषा में रैप संगीत को लोकप्रिय बनाने का श्रेय दिया जाता है। उन्हें प्रदेश का पहला प्रमुख छत्तीसगढ़ी रैपर माना जाता है, जिन्होंने अपनी अलग शैली और स्थानीय बोली के माध्यम से युवाओं के बीच विशेष पहचान बनाई।
उनका गीत “भोको लोलो” (टूरा भोको लोलो) सोशल मीडिया और यूट्यूब पर जबरदस्त वायरल हुआ था, जिसके बाद एप्पी राजा घर-घर में पहचाने जाने लगे। इसके अलावा उनके कई अन्य गीतों ने भी युवाओं के बीच लोकप्रियता हासिल की और छत्तीसगढ़ी रैप संस्कृति को नई पहचान दी।
दुर्ग जिले से संबंध रखने वाले एप्पी राजा ने अपने संगीत सफर के दौरान छत्तीसगढ़ी संस्कृति, स्थानीय भाषा और युवाओं की भावनाओं को अपने गीतों में प्रमुखता से स्थान दिया। उनके प्रयासों से प्रदेश में रैप संगीत की एक नई धारा विकसित हुई, जिससे अनेक युवा कलाकार भी प्रेरित हुए।
उनके निधन पर संगीत जगत, कलाकारों, प्रशंसकों एवं सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर हजारों लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं और उनके गीतों को साझा कर उनकी यादों को जीवित रख रहे हैं।
छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7 परिवार की ओर से एप्पी राजा (चेतन चांडक) को भावभीनी श्रद्धांजलि। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे एवं शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल दे। 🕯️
— छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




