
जनगणना 2027: कोरबा में ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया शुरू, कलेक्टर ने की अपील
छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7 कोरबा रायपुर
कोरबा, 16 अप्रैल 2026। जिले में जनगणना 2027 के तहत ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ कर दिया गया है। कलेक्ट्रेट कार्यालय में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर इस महाअभियान की शुरुआत की। उन्होंने इसे आधुनिक, पारदर्शी और नागरिक सहभागिता आधारित व्यवस्था की दिशा में अहम कदम बताया।
30 अप्रैल तक खुद दर्ज कर सकेंगे जानकारी
कलेक्टर ने बताया कि जिले के नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इस बार जनगणना प्रक्रिया को डिजिटल स्वरूप दिया गया है, जिससे यह पहले की तुलना में अधिक सरल, सुलभ और समयबद्ध हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकार को यह तय करने में मदद करते हैं कि किस क्षेत्र में किस प्रकार की सुविधाओं की जरूरत है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, पेयजल, सड़क, बिजली समेत अन्य बुनियादी सेवाओं की योजनाओं के निर्माण और बेहतर क्रियान्वयन में जनगणना की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
1 मई से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जानकारी दी कि 1 मई 2026 से जनगणना का पहला चरण शुरू होगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और गणना का कार्य करेंगे। यह चरण 30 मई 2026 तक चलेगा।
इस सर्वे में आवासीय और गैर-आवासीय भवनों की स्थिति, उपयोग तथा पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई गैस, इंटरनेट और संचार जैसी सुविधाओं से जुड़ी जानकारी एकत्र की जाएगी।
जानकारी रहेगी पूरी तरह गोपनीय
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान दी गई सभी व्यक्तिगत जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी। इनका उपयोग केवल सांख्यिकीय और नीतिगत उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
जिलेवासियों से सहयोग की अपील
कलेक्टर ने सभी जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। ऑनलाइन स्व-गणना में हिस्सा लें और प्रगणकों को सही, स्पष्ट एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जिले के विकास की सटीक रूपरेखा तैयार की जा सके।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर ओंकार यादव, योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी मोहन सिंह कंवर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




