
ऑपरेशन शांति: 48 वारंटी गिरफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी बड़ी कार्रवाई
छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7 कोरबा रायपुर
कोरबा, 16 अप्रैल। जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत ऑपरेशन शांति चलाया गया। इस विशेष अभियान में पुलिस ने फरार वारंटियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए दो दिनों में 48 वारंटियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ समन्वित कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर लंबे समय से फरार आरोपियों की तलाश की और उन्हें गिरफ्तार किया।
दो दिन में बड़ी सफलता
15 एवं 16 अप्रैल 2026 को चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस को निम्न सफलता मिली—
07 स्थायी वारंट की तामिली
41 गिरफ्तारी वारंट की तामिली
कुल 48 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया
न्यायालय के आदेश पर आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया
यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी सख्ती
कोरबा पुलिस ने कानून व्यवस्था के साथ-साथ सड़क सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देते हुए चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 24 लोगों के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस को दें। साथ ही वारंटियों को शरण देना या उनकी जानकारी छिपाना भी कानूनन अपराध है।

कोरबा पुलिस का संदेश – “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा”

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




