भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर धरमजयगढ़ में मनेगा जनजातीय गौरव दिवस, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे शामिल
रायगढ़।(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आज 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया जा रहा है। धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में सुबह 10 बजे से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और नितिन नवीन सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान को याद किया जाएगा। समारोह के माध्यम से छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों और स्वतंत्रता सेनानियों के ऐतिहासिक योगदान को भी सम्मान दिया जाएगा।
जनजातीय संस्कृति और परंपराओं की दिखेगी झलक
राज्य स्तरीय समारोह में जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव, पारंपरिक कला और हस्तशिल्प प्रदर्शनी प्रमुख आकर्षण होंगे। इसके साथ ही शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला नृत्य प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन में जनजातीय विकास प्रदर्शनी एवं क्राफ्ट मेले के माध्यम से आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक कलाओं और हस्तशिल्प को प्रदर्शित किया जाएगा।
लोकनृत्य प्रतियोगिता के विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार
समारोह में विभिन्न लोकनृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को सम्मानित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ क्षेत्र लोकनृत्य महोत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले रायगढ़ जिले के मोहिनीपुर चंवरपुर के कर्मा लोकनृत्य दल को 2 लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त सूरजपुर के पारंपरिक कर्मा दल को 1 लाख रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त सरगुजा के जय शिव शारदा कर्मा पार्टी को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
जनजातीय नायकों के योगदान को किया जाएगा याद
जनजातीय गौरव दिवस का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के उन जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान देना है, जिन्होंने जल, जंगल, जमीन और समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया।
छत्तीसगढ़ के वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, राजा गेंद सिंह और अन्य जनजातीय नायकों के योगदान को भी इस अवसर पर याद किया जाएगा।
यह आयोजन जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ उनकी पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।
छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7 सच के साथ न्यूज़ हर दिन।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
