कोरबा: लोकआस्था का महापर्व छठ कोरबा जिले में पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ पूजा का विधिवत समापन हुआ। इस अवसर पर कोरबा शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आस्था का जनसैलाब देखने को मिला। सुबह की पहली किरण के साथ ही छठ घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
कोरबा शहर के अलावा बालको, रजगामार, दीपका, एनटीपीसी कोरबा, कुसमुंडा और दर्री क्षेत्र में भी छठ महापर्व को लेकर खास उत्साह नजर आया। इन क्षेत्रों में बने पूजा घाटों पर बड़ी संख्या में व्रती परिवार सहित पहुंचे और पूरे विधि-विधान से सूर्य देव की आराधना की। पूजा के लिए सजे दउरे और सूप में फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ सहित पारंपरिक प्रसाद रखकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया।
उगते सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी परिवार की खुशहाली
सोमवार तड़के से ही विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने जल में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। पूजा के बाद करीब 36 घंटे से चल रहा निर्जला व्रत पूरा हुआ और व्रतियों ने पारण किया।
शहर से लेकर औद्योगिक क्षेत्रों तक दिखी छठ की रौनक
कोरबा जिले में छठ पूजा का उत्साह केवल शहर तक सीमित नहीं रहा। बालको, एनटीपीसी, दीपका और कुसमुंडा जैसे औद्योगिक क्षेत्रों के साथ रजगामार और दर्री में भी पर्व की विशेष रौनक रही। अलग-अलग क्षेत्रों में रहने वाले श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना में भाग लिया। घाटों पर परिवारों की मौजूदगी और पारंपरिक छठ गीतों ने पर्व के माहौल को और खास बना दिया।
चार दिनों तक चले इस महापर्व का समापन उषा अर्घ्य के साथ हुआ। इसके साथ ही कोरबा जिले में छठ पूजा की रौनक के बीच श्रद्धा, आस्था और लोकपरंपरा का एक और पर्व संपन्न हो गया।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
