कोरबा: महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उरगा पुलिस ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। दोनों मामलों में शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पहले मामले में फोटो वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप
पहले मामले में पीड़िता ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि पताढ़ी निवासी तुषार अनंत उर्फ पिंटू (19), जो वर्तमान में हरदीबाजार के श्रवण मोहल्ले में रह रहा था, ने जान-पहचान बढ़ाकर शादी का झांसा दिया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को देने पर फोटो वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी दी थी।
शिकायत पर उरगा थाने में अपराध क्रमांक 629/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 351(3) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 15 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

दूसरे मामले में दो साल तक शादी का झांसा देने का आरोप
दूसरे मामले में ग्राम जुनवानी निवासी कृष्ण कुमार कंवर (21) के खिलाफ एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब युवती ने शादी की बात कही तो आरोपी ने अलग जाति और परिजनों की असहमति का हवाला देते हुए विवाह करने से इनकार कर दिया।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 632/2026, धारा 69 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
महिला अपराधों पर त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता
कोरबा पुलिस के अनुसार महिला संबंधी अपराधों में शिकायत मिलते ही संवेदनशीलता के साथ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उरगा पुलिस की इन दोनों कार्रवाइयों में थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में त्वरित जांच और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी को प्राथमिकता दी जा रही है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
