कोरबा: जिले के मुड़ापार इलाके में मारपीट का एक मामला सामने आया है। शारदा विहार मोड़ के पास एक युवक के साथ मारपीट की गई। विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मी के साथ भी आरोपी ने धक्का-मुक्की की। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार मुड़ापार शारदा विहार मोड़ में केदार श्रीवास की नाई की दुकान है। उनका बेटा रितेश श्रीवास भी पास में अपनी दुकान चलाता है। बताया जा रहा है कि घटना के समय रितेश अपने पिता की दुकान पर मौजूद था। तभी वहां पंकज शर्मा नाम का युवक पहुंचा।
रितेश के मुताबिक पंकज ने दुकान को लेकर विवाद शुरू किया और गाली-गलौज करने लगा। जब रितेश ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस घटना में रितेश के सिर पर चोट आई है।
इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। घटनास्थल के पास रहने वाले पुलिसकर्मी रूपम राजपूत भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि पंकज उनसे भी उलझ गया और धक्का-मुक्की करने लगा।
मोबाइल में कैद हुई पूरी घटना
मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। वीडियो में युवक के साथ मारपीट और बीच-बचाव के दौरान हुए विवाद के दृश्य सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में इस तरह की घटनाओं से लोगों में डर का माहौल बन रहा है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, स्थानीय लोगों ने आरोपी पर पहले भी विवाद करने के आरोप लगाए हैं।
पीड़ित ने चौकी में दी शिकायत
घटना के बाद रितेश श्रीवास ने मानिकपुर चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस जांच और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
