कोरबा: चोरी के बाद पहचान छिपाने के लिए आरोपी ने ऐसा तरीका अपनाया कि पहली नजर में किसी को शक तक नहीं हुआ। गेवरा-दीपका इलाके से करीब 10 लाख रुपये का ट्रेलर चोरी करने के बाद आरोपी ने उसे अपने ट्रेलर हॉर्स में जोड़ा और सीधे झारखंड पहुंच गया। उसे लगा कि इस तरह वह पुलिस की नजरों से बच निकलेगा, लेकिन सड़क और टोल प्लाजा के CCTV कैमरों में उसकी पूरी गतिविधि कैद हो गई। फुटेज के आधार पर दीपका पुलिस ने झारखंड में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामला तिवरता स्थित नवजागृति शिशु मंदिर स्कूल मैदान का है। यहां शिवम अग्रवाल का ट्रेलर क्रमांक CG 10 CG 8684 खड़ा था। 3-4 नवंबर 2026 की दरमियानी रात अज्ञात व्यक्ति ट्रेलर लेकर फरार हो गया। काफी तलाश के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर मालिक ने दीपका थाने में शिकायत दर्ज कराई।
टोल प्लाजा के कैमरों से मिला अहम सुराग
पुलिस ने अपराध क्रमांक 462/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में टीम ने आसपास के मार्गों और टोल बैरियर के CCTV फुटेज की बारीकी से जांच की। इसी दौरान चोरी के ट्रेलर को एक अन्य ट्रेलर हॉर्स के साथ जाते देखा गया। जांच में संदिग्ध वाहन का नंबर CG 12 BM 9230 सामने आया।
गढ़वा जिले में मिली चोरी की गाड़ी
वाहन नंबर के आधार पर पुलिस की जांच झारखंड के गढ़वा जिले तक पहुंची। यहां ग्राम चमा निवासी एमडी खुशबुल्ला अंसारी (35), पिता जसमुद्दीन अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने ट्रेलर चोरी कर अपने ट्रेलर हॉर्स से जोड़कर झारखंड ले जाने की बात स्वीकार की।
उसकी निशानदेही पर ग्राम जरही, थाना डंडई, जिला गढ़वा से चोरी किया गया ट्रेलर बरामद कर लिया गया। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल ट्रेलर हॉर्स CG 12 BM 9230 को भी जब्त किया है।
करीब 10 लाख रुपये के ट्रेलर की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पूरी कार्रवाई में दीपका पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
