गोपाष्टमी पर श्री अग्रसेन गौधाम पहुंचे उप मुख्यमंत्री अरुण साव, गौसेवा और संरक्षण का दिया संदेश
गौमाता की सेवा पुण्य का कार्य, गौधाम किसी तीर्थस्थल से कम नहीं – उप मुख्यमंत्री अरुण साव
कोरबा(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)17 नवंबर 2026। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर कोरबा जिले के ग्राम कनबेरी स्थित श्री अग्रसेन गौधाम में श्रद्धा और उत्साह के साथ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गौमाता की पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं जिले की सुख-समृद्धि की कामना की और गौसेवा, संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सभी को गोपाष्टमी पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गौमाता की सेवा अत्यंत पुण्य का कार्य है और गौधाम किसी तीर्थस्थल से कम नहीं है। भारतीय संस्कृति में गौमाता का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। मान्यता है कि गौमाता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है। ऐसे पवित्र स्थान पर बड़ी संख्या में गौमाताओं की सेवा एवं संरक्षण होना सभी के लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि गौमाता हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं। दूध, गोमूत्र और गोबर मानव जीवन के साथ-साथ प्रकृति के लिए भी उपयोगी हैं। गौमाता का संरक्षण एवं संवर्धन केवल हमारी सांस्कृतिक परंपरा ही नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व भी है। गौसेवा से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को गौमाता की सेवा, सुरक्षा और संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने श्री अग्रसेन गौधाम में शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने बताया कि क्षेत्र में गौरव पथ निर्माण के लिए 50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
कार्यक्रम में उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, गोपाल मोदी, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल सहित श्री अग्रसेन गौधाम के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7 सच के साथ न्यूज़ हर दिन।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
