कोरबा: घर से नदी में नहाने निकले एक 55 वर्षीय व्यक्ति की लाश मिलने से ग्राम पुरेना में सनसनी फैल गई। मामला बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के खोलार नदी का है। मंगलवार को मवेशी चराने गए ग्रामीणों ने नदी में शव देखा, जिसके बाद गांव में इसकी खबर फैल गई। मृतक की पहचान बाबूलाल निर्मलकर, पिता घासीराम निर्मलकर के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि बाबूलाल मंगलवार को नहाने के लिए खोलार नदी गए थे। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजन उनकी वापसी का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच नदी की तरफ गए ग्रामीणों को पानी में एक शव दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर उसकी पहचान बाबूलाल के रूप में हुई।
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने वार्ड पार्षद पति शिवरतन को दी। इसके बाद बांकी मोंगरा थाना पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी राम कुमार साव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
नदी किनारे मिला रोजमर्रा का सामान
मौके पर पुलिस को मृतक के कपड़े, हाफ पैंट, गमछा, लाठी, साबुन, तेल की छोटी डिब्बी और गुड़ाखू का डिब्बा मिला। मृतक के हाथ में घड़ी भी थी। इन सामानों के मिलने से अंदाजा लगाया जा रहा है कि बाबूलाल नहाने के लिए नदी पहुंचे थे।
तबीयत खराब रहने की भी मिली जानकारी
ग्रामीणों के अनुसार, बाबूलाल की तबीयत पिछले काफी समय से खराब चल रही थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि नदी में नहाने के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई होगी और वह पानी में डूब गए। हालांकि, अभी तक मौत की असली वजह सामने नहीं आई है।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
