कोरबा: अपराध पर लगाम लगाने के लिए कोरबा पुलिस ने मानिकपुर क्षेत्र के पंकज शर्मा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 13 इंच लंबा धारदार लोहे का हथियार बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी पंकज शर्मा (31 वर्ष) अमरैयापारा का रहने वाला है। उस पर धारदार हथियार दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने का आरोप है। इस मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 934/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है।
पहले से पुलिस की निगरानी में था आरोपी
पुलिस के अनुसार पंकज शर्मा का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। उसकी गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने जिला बदर की कार्रवाई के लिए प्रकरण न्यायालय में पेश किया है। इस पर अभी निर्णय होना बाकी है।
बाउंड ओवर की शर्तों का भी नहीं हुआ पालन
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले BNSS की धारा 129 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। उसे शांति बनाए रखने और भविष्य में अपराध नहीं करने की शर्त पर बाउंड ओवर किया गया था। इसके बावजूद दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप सामने आने पर पुलिस ने उसकी बॉन्ड राशि जब्त करने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रतिवेदन प्रस्तुत किया है।
मानिकपुर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
