रायपुर: छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षा की समय-सारणी जारी कर दी है। घोषित कार्यक्रम के मुताबिक 12वीं की परीक्षाएं 12 मार्च से शुरू होकर 8 अप्रैल तक चलेंगी, जबकि 10वीं की बोर्ड परीक्षा 13 मार्च से 5 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएगी।
मंडल की ओर से जारी टाइम टेबल के बाद अब विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए विषयवार कार्यक्रम मिल गया है। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं निर्धारित केंद्रों पर सुबह की पाली में आयोजित होंगी।
12वीं बोर्ड परीक्षा का पूरा कार्यक्रम
हायर सेकेंडरी यानी कक्षा 12वीं की परीक्षा की शुरुआत 12 मार्च को हिंदी विषय से होगी। इसके बाद 15 मार्च को राजनीति विज्ञान, रसायन शास्त्र और लेखाशास्त्र सहित अन्य विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
विषयवार प्रमुख परीक्षा तिथियां इस प्रकार हैं:
- 12 मार्च: हिंदी
- 15 मार्च: राजनीति विज्ञान, रसायन शास्त्र, लेखाशास्त्र सहित अन्य विषय
- 17 मार्च: संस्कृत
- 19 मार्च: जीव विज्ञान, अर्थशास्त्र सहित अन्य विषय
- 24 मार्च: समाजशास्त्र
- 29 मार्च: गणित
- 31 मार्च: अंग्रेजी
- 3 अप्रैल: इतिहास, व्यवसाय अध्ययन, कृषि विज्ञान के तत्व, ड्राइंग एंड पेंटिंग एवं आहार एवं पोषण
- 5 अप्रैल: भूगोल एवं भौतिक शास्त्र
- 6 अप्रैल: व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विभिन्न विषय
- 7 अप्रैल: मराठी, उर्दू, पंजाबी, सिंधी, बंगाली, गुजराती, तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़ एवं उड़िया
- 8 अप्रैल: मनोविज्ञान
10वीं बोर्ड परीक्षा 13 मार्च से होगी शुरू
हाईस्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा की शुरुआत 13 मार्च को तृतीय भाषा के पेपर से होगी। इसके बाद विद्यार्थियों की प्रमुख विषयों की परीक्षाएं मार्च के दौरान आयोजित की जाएंगी।
कक्षा 10वीं की महत्वपूर्ण तारीखें:
- 13 मार्च: तृतीय भाषा
- 16 मार्च: अंग्रेजी
- 18 मार्च: सामाजिक विज्ञान
- 20 मार्च: विज्ञान
- 25 मार्च: हिंदी
- 30 मार्च: गणित
- 1 अप्रैल: व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विभिन्न विषय
- 5 अप्रैल: दृष्टिहीन विद्यार्थियों के लिए संगीत एवं मूक-बधिर विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग एंड पेंटिंग
सुबह 9 बजे पहुंचना होगा परीक्षा केंद्र
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा के समय को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र में अपनी निर्धारित जगह पर बैठना होगा।
परीक्षा के दौरान समय का निर्धारण इस प्रकार रहेगा:
- सुबह 9:00 बजे – परीक्षा केंद्र में स्थान ग्रहण
- सुबह 9:05 बजे – उत्तरपुस्तिकाओं का वितरण
- सुबह 9:10 बजे – प्रश्नपत्र वितरण
- सुबह 9:15 बजे – उत्तर लिखने की शुरुआत
- दोपहर 12:15 बजे – परीक्षा समाप्त
इस तरह विद्यार्थियों को उत्तर लिखने के लिए कुल तीन घंटे का समय दिया जाएगा।
शारीरिक प्रशिक्षण परीक्षा का टाइम टेबल भी जारी
बोर्ड ने शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा 2027 के प्रथम और द्वितीय वर्ष का कार्यक्रम भी घोषित किया है। प्रथम वर्ष की परीक्षाएं 12 मार्च से 19 मार्च तक और द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं 13 मार्च से 20 मार्च तक आयोजित होंगी।
आधिकारिक वेबसाइट पर देखें टाइम टेबल
मंडल ने स्पष्ट किया है कि अपरिहार्य परिस्थितियों में परीक्षा की तिथि और समय में बदलाव किया जा सकता है। वहीं, परीक्षा अवधि के दौरान सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित होने पर भी परीक्षाएं जारी कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी।
विद्यार्थी और अभिभावक विषयवार विस्तृत समय-सारणी एवं अन्य दिशा-निर्देश छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर देख सकते हैं।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
