रायपुर: राजधानी में दोपहिया वाहन चोरों के एक गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर बुलेट समेत अन्य दोपहिया वाहन चोरी करने वाले इस गिरोह के 7 आरोपियों को पकड़ा गया है। इनमें 3 नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 13 वाहन बरामद किए हैं, जिनमें 7 बुलेट शामिल हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले 3 अन्य वाहन भी जब्त किए गए हैं। सभी 16 वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 18.50 लाख रुपये बताई गई है।
एक नंबर प्लेट ने खोला चोरी के खेल का राज
पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम डीडी नगर इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर एक बुलेट सवार युवक पर पड़ी। बाइक के पीछे नंबर प्लेट नहीं थी। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर वाहन के दस्तावेज मांगे, लेकिन युवक कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
पूछताछ में युवक की पहचान दीप छाबड़िया निवासी कोटा, रायपुर के रूप में हुई। जांच के दौरान उसने बुलेट चोरी की होने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई और गिरोह के सदस्यों तक पहुंच गई।
शहर के अलग-अलग इलाकों में करते थे वारदात
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी संगठित तरीके से रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पूछताछ में उन्होंने कुल 13 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के 13 वाहन बरामद किए। इनमें 7 बुलेट के अलावा अन्य दोपहिया वाहन शामिल हैं। पुलिस ने चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल किए गए एथर, आई-क्यूब और बर्गमैन वाहन भी जब्त किए हैं।
चोरी के बाद नंबर प्लेट निकालकर छिपाते थे पहचान
पूछताछ में गिरोह के काम करने का तरीका भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी शहर में घूमकर दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद उनकी पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट निकाल देते थे या बदल देते थे। वाहनों पर लगे पहचान संबंधी निशानों को मिटाने और कुछ पार्ट्स बदलने का भी प्रयास किया जाता था।
चार बालिग और तीन नाबालिग पकड़ाए
पुलिस ने मामले में चार बालिग आरोपियों की पहचान दीप छाबड़िया (21 वर्ष), रुद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस (18 वर्ष), शुभम पटले (22 वर्ष) और कृष्ण कुमार सिंह (21 वर्ष) के रूप में की है। इनके साथ तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है।
पुलिस के अनुसार चोरी के वाहनों से जुड़े मामले डीडी नगर, कोतवाली, पुरानी बस्ती और टिकरापारा थानों में दर्ज हैं। इनमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 305 के तहत कार्रवाई की गई है। संगठित गिरोह के रूप में वारदात करने के तथ्य सामने आने पर धारा 112 और 3(5) भी जोड़ी गई है।
अन्य चोरी की घटनाओं की भी जांच
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गिरोह ने रायपुर में और कितने वाहनों की चोरी की है तथा इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं के मामले में अहम खुलासा हुआ है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
