
जनपद पंचायत करतला में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव सम्पन्न
करतला कोरबा(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) 04 मार्च 2025 – जनपद पंचायत करतला में आज नव निर्वाचित जनपद सदस्यों के बीच जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। इस चुनाव में जनपद पंचायत कोठारी से नवनिर्वाचित जनपद सदस्य श्रीमती अशोका कंवर को जनपद पंचायत करतला का अध्यक्ष और जनपद पंचायत रोगदा नवापारा क्षेत्र क्रमांक 19 से नवनिर्वाचित जनपद सदस्य मनोज झा को जनपद उपाध्यक्ष चुना गया। उल्लेखनीय है कि दोनों प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न हुई, जिसमें जनपद सदस्यों ने पूरी एकजुटता के साथ भाग लिया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती अशोका कंवर ने कहा कि वे पंचायत के विकास, ग्रामीण उत्थान और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी। वहीं, उपाध्यक्ष मनोज झा ने भी पंचायत को सशक्त बनाने और क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प व्यक्त किया।
चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद जनपद पंचायत कार्यालय में बधाइयों का तांता लग गया। विभिन्न जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को शुभकामनाएँ दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
जनपद पंचायत करतला में हुए इस निर्विरोध निर्वाचन से क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण बना हुआ है, और आमजन को उम्मीद है कि यह नेतृत्व पंचायत को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
साथ ही जनपद पंचायत करतला जनपद सदस्य अध्यक्ष उपाध्यक्ष का शपथ ग्रहण समारोह 07/03/2025 को सम्प्पन होगा।।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7