
बरपाली गांव में ट्रकों के जाम से ग्रामीण परेशान, बढ़ता वायु प्रदूषण और बैंक के बाहर भीड़ से दुर्घटना का खतरा
बरपाली (छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)कोरबा बरपाली गांव से कुछ दूरी पर स्थित सरगबुंदिया रेलवे स्टेशन में हर हफ्ते दस दिन में चावल के रेक की लोडिंग और अनलोडिंग का कार्य किया जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में ट्रकों का आवागमन लगा रहता है, जिससे बरपाली गांव और आसपास के क्षेत्र में कई समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।
रेलवे ट्रैक पर चावल के रेक लगने के कारण बड़ी-बड़ी ट्रकें गांव के मुख्य मार्गों पर खड़ी हो जाती हैं, जिससे लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। इस ट्रैफिक जाम से गांव के ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक समस्या बरपाली स्थित ग्रामीण बैंक के सामने देखी जा रही है, जहां रोजाना आसपास के गांवों से किसान और ग्रामीण अपने बैंकिंग कार्यों के लिए पहुंचते हैं।
बढ़ते वायु प्रदूषण से ग्रामीणों की सेहत पर खतरा
इन ट्रकों की आवाजाही के कारण सड़क पर धूल और धक्कड़ उड़ रही है, जिससे वायु प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है। इससे ग्रामीणों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। खासतौर पर बुजुर्गों और बच्चों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बैंक के बाहर भीड़ और दुर्घटना की आशंका
ग्रामीण बैंक के सामने हर दिन लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे सड़क पर भीड़भाड़ बढ़ रही है। इसी बीच भारी वाहन और ट्रकें गुजरती हैं, जिससे दुर्घटना होने का खतरा लगातार बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि बैंक के सामने उचित यातायात प्रबंधन और सुरक्षा के उपाय नहीं किए गए तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




