
बरपाली कोरबा चाम्पा राष्ट्रीय राज मार्ग के कार्य में लापरवाही, अधूरी सर्विस रोड से जनता परेशान
कोरबा-चाम्पा राष्ट्रीय राजमार्ग 149 बी पर बरपाली चौक में बन रहे ओवर ब्रिज का कार्य लगभग पूरा होने को है, लेकिन इसके साथ बन रही सर्विस रोड अब तक अधूरी पड़ी है।
बरपाली(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) सर्विस रोड का निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण रोजाना हजारों वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बड़े ट्रेलर ट्रकों से लेकर छोटी कारें और दोपहिया वाहन तक, सभी को इसी अधूरे और जर्जर मार्ग से गुजरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
सिर्फ एक तरफ की सर्विस रोड पूरी, दूसरी का हाल बेहाल
निर्माण एजेंसी और ठेकेदार की लापरवाही का आलम यह है कि केवल एक ओर की सर्विस रोड का काम पूरा किया गया है, जबकि दूसरी ओर की हालत बेहद खराब है। गड्ढों और धूल-कीचड़ से भरी इस अधूरी सड़क पर चलना जोखिम भरा हो गया है।
जनप्रतिनिधियों की उदासीनता, जनता की बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ठेकेदार की मनमानी को अनदेखा किया जा रहा है, जिससे आम जनता को रोजाना मुसीबत झेलनी पड़ रही है।
जनता ने उठाई मांग
लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सर्विस रोड का कार्य पूरा किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं और यातायात जाम की समस्या से राहत मिल सके। साथ ही, ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी जरूरत है ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो।
प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की अपेक्षा
बरपाली चौक के इस अधूरे निर्माण कार्य पर जल्द से जल्द ध्यान दिया जाना चाहिए ताकि आम जनता को राहत मिल सके और यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




