
बस्तर पुलिस को साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी सफलता, मुंबई से तीन ठग गिरफ्तार — अब तक 6 आरोपी चढ़े हत्थे
जगदलपुर, बस्तर (छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)| बस्तर पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले में शानदार कामयाबी हासिल की है। मुंबई पुलिस के सहयोग से बस्तर पुलिस ने मुंबई से तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो ठग झारखंड के कुख्यात जामताड़ा क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 56 एटीएम कार्ड, 8 मोबाइल फोन और ₹92,000 नगद बरामद किए हैं।
APK फाइल से ठगी कर उड़ाए साढ़े सात लाख रुपए
गिरफ्तार किए गए ठगों ने पीड़ित के मोबाइल में एक APK फाइल डाउनलोड करवाई थी, जिसके जरिए वे उसके बैंक खाते तक पहुंचने में सफल हुए। इसके बाद पीड़ित के खाते से ₹7.5 लाख की ठगी की गई। इस हाई-टेक फ्रॉड में आरोपी अत्यंत चालाकी से साइबर तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपी
बस्तर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल हैं:
मो. इमरान अंसारी – निवासी जामताड़ा, झारखंड
अलीमुद्दीन अंसारी उर्फ अलीम – निवासी जामताड़ा, झारखंड
राजकुमार गौतम – निवासी उत्तर प्रदेश
इन तीनों को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है।
अब तक 6 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
सीएसपी आकाश श्रीमाला ने जानकारी दी कि इस मामले के मास्टरमाइंड अब्दुल मजीद को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब तक इस गिरोह के कुल छह सदस्य गिरफ्त में आ चुके हैं।
जामताड़ा कनेक्शन एक बार फिर उजागर
इस घटना ने एक बार फिर से झारखंड के जामताड़ा को देश में साइबर अपराध का गढ़ साबित कर दिया है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के तार देश के कई राज्यों में फैले हुए हैं और इनके नेटवर्क की जांच की जा रही है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




