
चाकू और बंदूक की नोक पर कार चालक का अपहरण और लूट, आरोपी सीसीटीवी में कैद | उरगा थाना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात
कोरबा (छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7), जुलाई 2025: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसमें चार अज्ञात बदमाशों ने एक कार चालक को चाकू और बंदूक की नोक पर किडनैप कर लूटपाट की। घटना बरपाली के पास हुई, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
सूत्रों के अनुसार, चांपा निवासी अंकुश यादव अपनी स्विफ्ट डिजायर कार के साथ टैक्सी स्टैंड पर खड़ा था। तभी चार युवकों ने कोरबा जाने के लिए कार बुक करवाई। रास्ते में बरपाली के पास आरोपियों ने उल्टी करने का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई और फिर चालक के गले पर चाकू रखकर उसे बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया।
चारों आरोपी कार और मोबाइल लूटकर बांगो थाना क्षेत्र के जंगल में अंकुश को छोड़कर अंबिकापुर की ओर फरार हो गए। पीड़ित ने जैसे-तैसे उरगा थाना पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।
इस वारदात की पूरी घटना टोल नाके के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




