
धमतरी में तिहरे हत्या कांड से सनसनी, 8 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी,(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)12 अगस्त। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सोमवार आधी रात हुए तिहरे हत्या कांड से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। अर्जुनी थाना क्षेत्र के न्यू अन्नपूर्णा ढाबा एवं फैमिली रेस्टोरेंट के पास आपसी विवाद के दौरान रायपुर से आए तीन युवकों की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों में आलोक सिंह (निवासी सेजबहार) और दो अन्य युवक (निवासी संतोषी नगर) शामिल हैं। तीनों मृतक आपस में सगे भाई बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दो युवक कोर्रा गांव और छह आरोपी मथुराडीह के रहने वाले हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ढाबे में पहले से चल रहे विवाद में रायपुर के तीनों युवक भी शामिल हो गए, जिसके बाद आरोपियों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दो अन्य युवक भागकर जान बचाने में सफल रहे।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




