
फ्री फायर गेम को लेकर नाबालिग ने साथी पर चाकू से किया हमला, गंभीर हालत में रायपुर रेफर
बालोद(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मोबाइल गेम फ्री फायर को लेकर दो नाबालिगों के बीच विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। गुरुर थाना क्षेत्र के कवर चौकी अंतर्गत पेरपार गांव में 14 वर्षीय लड़के ने 17 वर्षीय साथी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नाबालिग को इलाज के लिए रायपुर के संकरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कार्यालय पेरपार के सामने कुछ युवक खाना खाने के बाद फ्री फायर खेल रहे थे। इसी दौरान 14 साल का बच्चा हंसने लगा। जब 17 वर्षीय नाबालिग ने हंसने का कारण पूछा, तो उसने कहा— “चुप रहो, नहीं तो मार दूंगा।” देखते ही देखते कहासुनी हुई और 14 वर्षीय नाबालिग ने चाकू से वार कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी अपचारी बालक को पकड़कर बाल संप्रेषण गृह, दुर्ग भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को मोबाइल गेम्स से दूर रखें और उनके व्यवहार पर नजर रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




