
छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
रायपुर(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) प्रदेश में वर्षा की गतिविधि एक बार फिर तेज हो गई है। पिछले दो दिनों से राजधानी रायपुर सहित कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। हल्की बौछारों के साथ बीच-बीच में धूप निकलने से उमस भी काफी बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा तथा एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिम-मध्य और इससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के असर से अगले एक सप्ताह तक कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा होने की चेतावनी दी गई है। पिछले 24 घंटों में बस्तर और बिलासपुर संभाग के कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रायपुर में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल एक निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम-मध्य और उत्तरी आंध्र प्रदेश व दक्षिणी ओडिशा के तटों से लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बना हुआ है। मानसून द्रोणिका भटिंडा, वाराणसी, डाल्टनगंज, झारसुगुड़ा होते हुए इसी निम्न दबाव क्षेत्र तक जा रही है। इसके अलावा, पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किमी ऊंचाई तक एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




