
भीख मांगकर जीवन यापन करने वाली बुजुर्ग महिला के घर से 2.54 लाख की चोरी
देवरी(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)
देवरी थाना क्षेत्र के नाहंदा गांव में एक बुजुर्ग महिला के घर से 2 लाख 54 हजार रुपए की चोरी का मामला सामने आया है। महिला तीज पर्व मनाने के लिए गांव से बाहर गई थी, तभी अज्ञात चोरों ने सूने घर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता अमृत वैष्णव ने पुलिस को बताया कि उनका कोई संतान नहीं है और वह गांव–गांव जाकर भीख मांगकर जीवन यापन करती हैं। भीख से जुटाए गए 4 हजार रुपए और मकान का एक हिस्सा बेचकर प्राप्त 2 लाख 50 हजार रुपए उन्होंने घर में पेटी और थैले में रखे थे।
महिला ने बताया कि 25 अगस्त को तीजा पर्व मनाने वह पीपरखार गांव गई थीं। 27 अगस्त की शाम जब घर लौटीं तो देखा कि मेन दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो पेटी का ताला भी उखड़ा हुआ था और उसमें रखे 2 लाख 50 हजार रुपए तथा थैले में रखे 4 हजार रुपए गायब थे।
घटना की जानकारी महिला ने तत्काल ग्रामीणों और ग्राम कोटवार को दी, जिसके बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
थाना प्रभारी राकेश ठाकुर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर सुराग तलाशने में जुटी हुई है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




