
छत्तीसगढ़(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)
प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर छत्तीसगढ़ राज्य लोकसेवा आयोग (पीएससी) को बर्बाद करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि पीएससी परीक्षा की गोपनीयता पूरी तरह भंग हो चुकी है और उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने वाले परीक्षकों के नाम तक सार्वजनिक हो रहे हैं।
दीपक बैज ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने यूपीएससी की तर्ज पर पीएससी परीक्षा करवाने का वादा किया था, लेकिन आज परीक्षाओं को मजाक बना दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिलासपुर पीजीबीटी कॉलेज के कुछ शिक्षक, जिनमें विद्याभूषण शर्मा, सलीम जावेद और प्रिंसिपल का नाम शामिल है, उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कर रहे हैं। इतना ही नहीं, डेपुटेशन पर नौकरी करने वाले और अपात्र शिक्षकों को भी कॉपी जांचने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि जब 5वीं की बोर्ड परीक्षा में भी प्रश्नपत्र और कॉपी जांचने वालों के नाम गोपनीय रखे जाते हैं, तो उच्च पदों की भर्ती के लिए आयोजित पीएससी परीक्षा में गोपनीयता क्यों नहीं रखी गई? उन्होंने कहा कि जब परीक्षकों के नाम बाजार में सामने आ रहे हैं, तो निष्पक्ष मूल्यांकन की गारंटी ही समाप्त हो जाती है।
बैज ने इस पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




